दिल्ली महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कालिंदी कॉलेज में महिला विकास केन्द्र के नए सत्र का उद्घाटन किया

दिल्ली महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कालिंदी कॉलेज में महिला विकास केन्द्र के नए सत्र का उद्घाटन किया
 मानव संसाधन के रूप में महिलाओं की सशक्त भूमिका देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैः श्री संदीप कुमार
 महिला शिक्षा के लिए समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और अनुकूल वातावरण आवश्यक
                                                                                                                                                      दिल्ली, 17 सितम्बर 2015
दिल्ली महिला एवं बाल विकास मंत्री श्री संदीप कुमार ने आज कालिंदी कॉलेज के परिसर में आयोजित एक समारोह में कालिंदी कॉलेज के महिला विकास केन्द्र के नए सत्र का उद्घाटन किया। इस अवसर श्री संदीप कुमार ने कहा कि कालिंदी कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के बेहतरीन कॉलेजों में से एक है जो कि अपनी अकादमिक उत्कृष्टता और उपलब्धि के लिए प्रसिद्व है। मुझे इस बात की खुशी है कि पूरी ईमानदारी से कॉलेज युवतियों को उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है।
दिल्ली महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि महिला विकास केंद्र कालिंदी कॉलेज में स्त्रियों के प्रति संवेदनशील और अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में कार्यरत है। मुझे उम्मीद है कि यह कार्यशालाओं, संवाद और फिल्म शो के आयोजनों से छात्राओं में समानता, स्वतंत्रता और भेदभावहीन विचार का प्रसार करेगा। उन्होंने कहा कि इसने छात्राओं को अपने रोजमर्रा के जीवन में महिलाओं के भेदभाव के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया है। यह अच्छी बात है कि समय-समय पर वकीलों, शिक्षाविदों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़े व्यक्तियों को इसकी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। महिला विकास केंद्र महिला संवेदनशीलता को लेकर छात्राओं में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि मानव संसाधन के रूप में महिलाओं की सशक्त भूमिका देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। महिलाओं को सशक्त बनाने से उनकी घर के भीतर और बाहर दोनों स्थानों पर जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों पर नियंत्रण बढ़ेगा। महिलाओं के संसाधनों पर नियंत्रण से उनके सशक्तिकरण के साथ घर, समुदाय, समाज और राष्ट्र के संदर्भ में अधिक हिस्सेदारी सुनिश्चित होगी।

Author: sarkarimirror